home page

उत्तर दमदम नगरपालिका में बड़ा राजनीतिक संकट, चेयरमैन समेत 20 पार्षदों का इस्तीफा

 | 
उत्तर दमदम नगरपालिका में बड़ा राजनीतिक संकट, चेयरमैन समेत 20 पार्षदों का इस्तीफा


कोलकाता, 08 जून (हि. स.)। उत्तर दमदम नगरपालिका में सोमवार को बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया, जब चेयरमैन और वाइस चेयरमैन सहित 20 पार्षदों ने एक साथ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। सभी पार्षदों ने दोपहर में नगरपालिका के कार्यपालक अधिकारी (एक्जीक्यूटिव ऑफिसर) को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

नगरपालिका के चेयरमैन विधान विश्वास ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से व्यक्तिगत निर्णय के तहत पद छोड़ा है। वाइस चेयरमैन और अन्य पार्षदों ने भी इस्तीफा दे दिया।

सूत्रों के अनुसार, सामूहिक इस्तीफे के पीछे केवल व्यक्तिगत कारण नहीं हैं। क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और बढ़ते राजनीतिक दबाव को भी इस फैसले की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

34 वार्डों वाली उत्तर दमदम नगरपालिका में 20 पार्षदों के इस्तीफे के बाद बोर्ड अल्पमत में आ गया है। इससे नगरपालिका के प्रशासनिक कामकाज और भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि राजनीतिक अस्थिरता का असर नागरिक सेवाओं और विकास कार्यों पर पड़ सकता है। स्थिति स्पष्ट होने तक नगरपालिका के नियमित कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता