home page

तृणमूल शासन में उत्तर बंगाल विकास विभाग बना था भ्रष्टाचार का अड्डा : मंत्री निशीथ प्रमाणिक

 | 
तृणमूल शासन में उत्तर बंगाल विकास विभाग बना था भ्रष्टाचार का अड्डा : मंत्री निशीथ प्रमाणिक


कोलकाता, 23 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में उत्तर बंगाल विकास विभाग भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया था। उन्होंने कहा कि विभाग में अनियमितताओं के मामलों में अब तक 122 एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की शून्य सहिष्णुता की नीति जारी रहेगी।

मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी एजेंसी या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कई एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि अनेक को ब्लैकलिस्ट भी किया गया है।

उन्होंने उत्तर बंगाल के समग्र विकास के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि विकास अब किसी एक जिले या विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सभी जिलों और क्षेत्रों में समान रूप से कार्य किया जाएगा।

निशीथ प्रमाणिक ने बताया कि पूरे उत्तर बंगाल में 100 पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां फूड प्लाजा, होम-स्टे और पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा कई स्थानों पर भारत-बांग्लादेश लैंड पोर्ट विकसित किए जाएंगे तथा प्रत्येक जिले में इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए विदेशों की तर्ज पर हाइड्रोलिक कार पार्किंग प्रणाली शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को सुविधा मिलेगी।

फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए मंत्री ने 'सिंगल विंडो सिस्टम' शुरू करने की भी घोषणा की, ताकि प्रोडक्शन हाउसों को सभी आवश्यक अनुमतियां एक ही स्थान पर मिल सकें।

पूर्व सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के विकास के लिए बजट में जो राशि आवंटित की जाती थी, उसका एक-तिहाई से भी कम खर्च किया जाता था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार उत्तर बंगाल के लिए आवंटित पूरी बजट राशि विकास कार्यों पर खर्च करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय