home page

उत्तर बंगाल से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

 | 
उत्तर बंगाल से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी


सिलीगुड़ी/मालदा, 22 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी उत्तर बंगाल दौरे से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है। आगामी बुधवार को वह माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल उम्मीदवार शंकर मालाकार के समर्थन में नक्सलबाड़ी के नंद प्रसाद बालिका विद्यालय मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभास्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। हेलीपैड निर्माण से लेकर हेलिकॉप्टर का ट्रायल रन भी पूरा कर लिया गया है। ट्रायल रन के दौरान मौके पर भारी भीड़ देखी गई, जिससे लोगों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह साफ नजर आया।

तृणमूल सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर करीब दो बजे बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे नक्सलबाड़ी सभा स्थल पर जाएंगी।

इस दौरे के दौरान वह डाबग्राम-फूलबाड़ी और जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी में भी जनसभाओं को संबोधित करेंगी।

उत्तर बंगाल में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार