home page

उत्तर बंगाल में मेडिकल टूरिज्म और टी म्यूजियम की मांग, सीआईआई बैठक में उठे बड़े प्रस्ताव

 | 
उत्तर बंगाल में मेडिकल टूरिज्म और टी म्यूजियम की मांग, सीआईआई बैठक में उठे बड़े प्रस्ताव


जलपाईगुड़ी, 15 जुलाई (हि. स.)। जिले में आयोजित भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की बैठक में उत्तर बंगाल के औद्योगिक विकास को लेकर कई अहम प्रस्ताव सामने आए। इस दौरान स्थानीय मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और जलपाईगुड़ी में टी म्यूजियम बनाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

बुधवार को रानीनगर स्थित एक निजी होटल में आयोजित इस चर्चा में उद्योगपतियों और व्यापारियों ने जिले की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जलपाईगुड़ी के सांसद जयंत कुमार रॉय ने कहा कि उत्तर बंगाल में आधुनिक सुविधाओं वाले अस्पतालों की कमी है। यदि अत्याधुनिक अस्पताल बनाए जाते हैं, तो नेपाल, भूटान और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों से मरीज इलाज के लिए यहां आ सकते हैं, जिससे मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।

सीआईआई उत्तर बंगाल के जोनल काउंसिल के चेयरमैन सतीश मित्रुका ने कहा कि जलपाईगुड़ी में टी म्यूजियम बनाकर चाय उद्योग के इतिहास को सामने लाया जा सकता है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी के बीच प्रस्तावित मेट्रो परियोजना से उद्योगों को नई गति मिलेगी। साथ ही कृषि आधारित उद्योग, खासकर टमाटर उत्पादों के क्षेत्र में भी बड़ी संभावनाएं हैं।

सीआईआई के वाइस चेयरमैन अमल मंडल ने कहा कि सरकार की नई नीतियों, खासकर 100 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट के लिए सिंगल विंडो सुविधा, उद्योगों के लिए सकारात्मक कदम है। उन्होंने उत्तर बंगाल में उद्योग न आने के कारणों पर भी मंथन की जरूरत बताई।

वहीं, जलपाईगुड़ी के जिलाधिकारी संदीप कुमार घोष ने भरोसा दिलाया कि जिले में उद्योगों के विकास के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग देगा और निवेशकों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार