नवंबर की शुरुआत में ही घने कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर बंगाल
सिलीगुड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। नवंबर की शुरुआत के साथ ही उत्तर बंगाल में ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। मंगलवार सुबह सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह होने के बावजूद कोहरे का असर कम नहीं हुआ। कम दृश्यता के कारण दिन में भी वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सड़कों पर चलना पड़ा।
उत्तर बंगाल के विभिन्न शहरी और ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही कोहरे की घनी परत देखने को मिली। कई स्थानों पर दृश्यता इतनी कम रही कि कुछ दूरी पर मौजूद वस्तुएं भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थीं। इसके कारण सुबह के समय सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, चालू मौसम में पहली बार इतनी घनी धुंध देखने को मिली है। हालांकि, कोहरे के कारण यातायात प्रभावित होने के बावजूद ठंड के आगमन से लोगों में खुशी देखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

