भाजपा को उत्तर बंगाल से मिला समर्थन, सॉल्ट लेक में प्रेस वार्ता
कोलकाता, 24 मार्च (हि. स.)। सॉल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और पूर्व सांसद एवं राज्य महासचिव लॉकेट चटर्जी उपस्थित रहे।
पत्रकार सम्मेलन के दौरान उत्तर बंगाल के कई प्रमुख व्यक्तियों के भाजपा में शामिल होने और समर्थन की घोषणा की जानकारी दी गई। राजवंशी आंदोलन से जुड़े प्रमुख चेहरे गिरिजाशंकर राय, पूर्व विधायक अर्घ राय प्रधान सहित कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
राजवंशी आंदोलन से जुड़े बंशीबदन बर्मन ने अपने वक्तव्य में राजवंशी भाषा और संस्कृति को विशेष मान्यता दिए जाने की मांग उठाई। वहीं, पूर्व विधायक अर्घ राय प्रधान ने कहा कि लंबे समय तक एक राजनीतिक दल में रहने के दौरान भ्रष्टाचार से समझौता न कर पाने के कारण उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है और वह उत्तर बंगाल में पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस जुड़ाव को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उत्तर बंगाल से हो रहा यह समर्थन राज्य में परिवर्तन का संकेत है। उन्होंने राज्य की मौजूदा स्थिति पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों के बीच बदलाव की अपेक्षा लगातार बढ़ रही है।
राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य “जनता बनाम तृणमूल कांग्रेस” का रूप ले चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी ने जनता का विश्वास खो दिया है और वह भ्रष्टाचार, किसान एवं श्रमिक विरोधी नीतियों तथा प्रशासनिक विफलताओं के लिए जिम्मेदार है।
उन्होंने मतदाता सूची शुद्धिकरण के मुद्दे पर कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह त्रुटिरहित और पारदर्शी मतदाता सूची सुनिश्चित करे। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-सात जमा करने के बावजूद कई मामलों में उसे सिस्टम में अपलोड नहीं किया गया तथा कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं को बाधाओं का सामना करना पड़ा।
भट्टाचार्य ने कहा कि इस प्रक्रिया को बीच में रोकना उचित नहीं है और निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए इसे पूरा किया जाना आवश्यक है।
पत्रकार सम्मेलन में नेताओं ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव के लिए तैयार है और आगामी चुनाव में इसका असर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

