सड़क निर्माण को लेकर विवाद में व्यक्ति की हत्या, इलाके में तनाव
उत्तर 24 परगना, 30 मार्च (हि. स.)। जिले के बादुरिया क्षेत्र में सोमवार को सड़क निर्माण को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान सामिनुर इस्लाम मंडल (46) के रूप में हुई है। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बादुरिया थाना अंतर्गत रायपुर गांव के उत्तरपाड़ा इलाके में ‘हमारा मोहल्ला, हमारा समाधान’ परियोजना के तहत सड़क निर्माण होना था। इसी को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। बताया गया है कि जिस रास्ते से सामिनुर मंडल के घर तक पहुंचना था, वहां ढलाई का काम होना था, जिसका पड़ोसी पक्ष ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान सामिनुर मंडल के पेट में धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।
उन्हें बादुरिया रुद्रपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। झड़प में घायल पांच अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और इलाके में पुलिस गश्त जारी है।
मृतक के परिजन बाबलू मंडल ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होते ही पड़ोसी अब्बासुद्दीन और उनके बेटे सलाउद्दीन ने काम रोकने की कोशिश की और इसी दौरान सामिनुर पर चाकू से हमला किया गया।
परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

