home page

वास्तव में भारत में कोई विपक्षी पार्टी ही नहीं है : शमिक भट्टाचार्य

 | 
वास्तव में भारत में कोई विपक्षी पार्टी ही नहीं है : शमिक भट्टाचार्य


कोलकाता, 18 अगस्त (हि. स.)। झारखंड में अनियमितताओं के आरोपों के चलते झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाएं रद्द किए जाने के फैसले को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तव में भारत में कोई विपक्षी दल ही नहीं है।

मंगलवार सुबह पत्रकारों से बातचीत में भट्टाचार्य ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर विपक्ष ने संसद का पूरा मानसून सत्र बर्बाद कर जनता के साथ धोखा किया। वास्तव में भारत में कोई विपक्षी पार्टी ही नहीं है।

भट्टाचार्य ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपना इतिहास भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में आम सहमति का विशेष महत्व है और चाहे पूर्वोत्तर, कश्मीर, विदेश नीति या प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा हो, सभी विषयों पर मिलकर काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमें एक साथ बैठकर इन मुद्दों पर काम करना चाहिए। यही लोकतंत्र है और लोकतंत्र में झगड़े, विवाद या अहंकार की कोई जगह नहीं है।

भाजपा सांसद ने आगे दावा किया कि ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जिस पर सरकार चर्चा के लिए तैयार न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय