home page

नंदीग्राम में भाजपा प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

 | 
नंदीग्राम में भाजपा प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव


पूर्व मेदिनीपुर, 24 फरवरी (हि. स.)। नंदीग्राम के कालिचरणपुर ग्राम पंचायत में भाजपा प्रमुख के खिलाफ सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस ने अविश्वास प्रस्ताव लाया। मंगलवार को नंदीग्राम–एक ब्लॉक के बीडीओ के पास प्रमुख दिपाली दास को हटाने की मांग को लेकर तृणमूल के 11 पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव जमा किया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नियम के तहत अविश्वास प्रस्ताव की अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पिछले पंचायत चुनाव में 17 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस को 10 और भारतीय जनता पार्टी को सात सीटें मिली थीं। हालांकि प्रमुख का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण उस सीट से भाजपा उम्मीदवार दिपाली दास जीतकर प्रमुख चुनी गईं। हाल ही में भाजपा की आरक्षित सीट की सदस्य तनुश्री दास तृणमूल में शामिल हो गईं। इसके बाद उन्हें मिलाकर तृणमूल की कुल सदस्य संख्या 11 हो गई।

तृणमूल का आरोप है कि प्रमुख मनमाने ढंग से काम कर रही हैं और विभिन्न भ्रष्टाचार से जुड़ी हैं। इसी कारण उन्हें हटाने की मांग उठाई गई है। हालांकि सभी आरोपों को खारिज करते हुए प्रमुख दिपाली दास ने कहा कि राजनीतिक उद्देश्य से उनके खिलाफ साजिश की जा रही है।

घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता