home page

न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन आधुनिकीकरण के बीच हॉकर्स का विरोध, पुनर्वास की मांग तेज

 | 
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन आधुनिकीकरण के बीच हॉकर्स का विरोध, पुनर्वास की मांग तेज


सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (हि.स.)। न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण परियोजना को लेकर हॉकर्स के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है। रेल प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों हॉकर्स सड़कों पर उतर आए और पुनर्वास की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों का दरवाजा खटखटाया।

प्रदर्शनकारी हॉकर्स पहले सिलीगुड़ी के विधायक तथा पर्यटन मंत्री शंकर घोष के कार्यालय पहुंचे और बाद में डाबग्राम-फुलबाड़ी की विधायक शिखा चटर्जी के आवास पर भी गए। हालांकि, दोनों ही विधायक उस समय मौजूद नहीं थे, लेकिन हॉकर्स ने उनके प्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

हॉकर्स का आरोप है कि वे वर्षों से स्टेशन परिसर के आसपास कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे, लेकिन अचानक उन्हें हटाया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा उन्हें व्यवसाय करने से रोका जा रहा है और रोजाना जुर्माना लगाया जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका संकट में पड़ गई है।

हॉकर्स ने साफ कहा कि उन्हें स्टेशन के विकास से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर उनकी रोजी-रोटी छीनना उचित नहीं है। उनका कहना है कि सैकड़ों परिवार इस व्यवसाय पर निर्भर हैं और फिलहाल स्थिति ऐसी हो गई है कि घर चलाना भी मुश्किल हो रहा है।

इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक शिखा चटर्जी ने कहा, “अगर स्टेशन आधुनिकीकरण के कारण हॉकर्स को समस्या हो रही है, तो हम इसे गंभीरता से देखेंगे। रेलवे अधिकारियों से बात कर उनके पुनर्वास के लिए क्या व्यवस्था की जा सकती है, इस पर विचार किया जाएगा।”

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार