बंगाल में भाजपा को मजबूत करने की कवायद, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दो दिवसीय दौरा 27 से
कोलकाता, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य में पार्टी संगठन को धार देने और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करने के लिए 27 और 28 सितंबर को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान वह कई अहम सांगठनिक कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेंगे। उनका मुख्य फोकस राज्य में पार्टी की जड़ें मजबूत करने, गतिविधियों को तेज करने और पार्टी के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर होगा।
अपने इस बंगाल दौरे के क्रम में भाजपा अध्यक्ष राज्य के कोर ग्रुप के नेताओं, सांसदों और विधायकों के साथ विशेष बैठकें करेंगे। संगठन की समीक्षा और उसे जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से वह प्रदेश पदाधिकारियों, विभाग संयोजकों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ भी गहन मंथन करेंगे। रणनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही इन बैठकों में पार्टी के आईटी, मीडिया और सोशल मीडिया विभागों के प्रतिनिधियों के अलावा सभी प्रकोष्ठों के संयोजक, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता और अन्य प्रमुख सांगठनिक पदाधिकारी भी अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।
बंगाल दौरे से ठीक पहले, नितिन नवीन ने 25 सितंबर को राजस्थान के जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'युवा संवाद' कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से शॉर्टकट से बचने और सही रास्ता चुनने का आह्वान किया, साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दुरुपयोग करने के बजाय इसका सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने राजस्थान के हालिया नगर निगम और नगर परिषद चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास एजेंडे और 'डबल इंजन' सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

