home page

(चुनाव 26) राज्य में डर का माहौल बना रही तृणमूल सरकार : निशीथ प्रमाणिक

 | 
(चुनाव 26) राज्य में डर का माहौल बना रही तृणमूल सरकार : निशीथ प्रमाणिक


कोलकाता, 06 अप्रैल (हि. स.)। पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा नेता प्रमाणिक ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मालदा की हालिया घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में “भय का माहौल” बनाने के उद्देश्य से इस तरह की घटनाओं को प्रायोजित किया जा रहा है।

मथाभांगा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रमाणिक ने एक साक्षात्कार में दावा किया कि राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि अब राज्य के मतदाता इस वास्तविकता को समझ चुके हैं और परिवर्तन के लिए तैयार हैं।

मालदा में एक अप्रैल को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान भीड़ द्वारा न्यायिक अधिकारियों को घेरने और उन पर हमला करने की घटना का उल्लेख करते हुए प्रमाणिक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही ऐसी घटनाओं की आशंका जताई थी। उनके अनुसार, यह बयान ही इस बात का संकेत देता है कि राज्य सरकार को स्थिति की पूर्व जानकारी थी।

प्रमाणिक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से एक विशेष समुदाय पर अपने “नियंत्रण” की बात कही थी और यह भी कहा था कि यदि वह एक मिनट के लिए भी अपना नियंत्रण हटा लें तो राज्य की स्थिति बदल सकती है। उन्होंने कहा कि मालदा की घटना उसी मानसिकता का परिणाम प्रतीत होती है, जिसका उद्देश्य आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर राजनीतिक लाभ लेना है।

भारत-बांग्लादेश सीमा पर घेरा लगाने के मुद्दे पर भी उन्होंने राज्य सरकार को घेरा। प्रमाणिक ने सवाल उठाया कि सीमा सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार को आवश्यक भूमि क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि संघीय ढांचे के कारण केंद्र सरकार सीधे भूमि अधिग्रहण नहीं कर सकती और इसके लिए राज्य सरकार का सहयोग अनिवार्य होता है।

उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में आबादी का असामान्य रूप से बढ़ना घुसपैठ का संकेत है। उनके अनुसार, तृणमूल कांग्रेस इन घुसपैठियों को फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराकर उन्हें वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती है।

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विश्वास जताते हुए प्रमाणिक ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य की जनता तुष्टिकरण की राजनीति, खराब कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के अभाव में राज्य के शिक्षित युवाओं को रोजगार की तलाश में बाहर जाना पड़ रहा है।

प्रमाणिक ने अंत में कहा कि अब राज्य का युवा जागरूक हो चुका है और आगामी चुनाव में निश्चित रूप से परिवर्तन लाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता