मोथाबाड़ी कांड में विधायक सबीना यास्मीन को एनआईए का समन
मालदा, 22 सितंबर (हि. स.)। मोथाबाड़ी कांड की जांच का दायरा बढ़ाते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अब सुजापुर की विधायक और पूर्व मंत्री सबीना यास्मीन को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। उन्हें 24 सितंबर को एनआईए के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले मामले में विधायक के पति मेहबूब आलम का नाम सामने आया था और अगस्त में वह एनआईए कार्यालय में पेश हुए थे।
यह मामला विधानसभा चुनाव से पहले अप्रैल में कालियाचक-2 ब्लॉक कार्यालय में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा है। आरोप था कि आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ न्यायिक अधिकारियों को कथित तौर पर लंबे समय तक कार्यालय में रोके जाने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाते समय उनके वाहन पर हमला की घटना सामने आई थी।
महिला न्यायिक अधिकारी समेत कई न्यायिक अधिकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के बाद एनआईए ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
एजेंसी ने अब तक मामले में 12 प्राथमिकी दर्ज की हैं। इनमें से दो मामलों में अदालत में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके है। पहले आरोपपत्र में 22 और दूसरे में एक आरोपित का नाम शामिल है। दोनों आरोपपत्रों में कुल 23 आरोपित नामजद हैं।
अब सबीना यास्मीन को समन किए जाने के बाद जांच आगे बढ़ने के संकेत मिले है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

