home page

नलहाटी में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद बरामद

 | 
नलहाटी में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद बरामद


बीरभूम, 25 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नलहाटी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की। तलाशी अभियान के दौरान 20 बोरी अमोनियम नाइट्रेट और कई डेटोनेटर बरामद किए गए। मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।

भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री किस उद्देश्य से जमा की गई थी, इसे लेकर एनआईए ने जांच तेज कर दी है।

जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, एनआईए के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि नलहाटी के एक इलाके में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जमा की गई है। इस खुफिया जानकारी के आधार पर न्यू टाउन से एनआईए की एक विशेष टीम रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की सहायता से टीम ने नलहाटी के चिन्हित इलाके में तलाशी अभियान चलाया।

लंबी तलाशी के बाद मौके से 20 बोरी अमोनियम नाइट्रेट और कई डेटोनेटर बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसके बयान में कथित तौर पर असंगतियां मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, जांच के हित में फिलहाल उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।

जांचकर्ता गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विस्फोटक सामग्री के पीछे कौन लोग हैं, इसे कहां से लाया गया था और इसका संभावित इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। एनआईए इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बरामद सामग्री केवल व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए रखी गई थी या इसके पीछे किसी बड़ी आपराधिक अथवा नाशक गतिविधि की योजना थी।

बरामद अमोनियम नाइट्रेट और डेटोनेटर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की संभावना है। अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल मुख्य रूप से उर्वरक के रूप में किया जाता है, जबकि खनन और निर्माण कार्यों में विस्फोटक तैयार करने में भी इसका उपयोग होता है। हालांकि, डेटोनेटर के साथ इतनी बड़ी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट बरामद होने के कारण जांच एजेंसी मामले को गंभीरता से ले रही है।

घटना के बाद नलहाटी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। जांच के हित में एनआईए की ओर से अभी मामले को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही जांचकर्ता बरामद विस्फोटक सामग्री के स्रोत का पता लगाने और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व मेदिनीपुर समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर दक्षिण 24 परगना जिले, से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए जा चुके हैं। अतीत में कुछ स्थानों पर विस्फोटक फटने से जानमाल के नुकसान की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में नलहाटी से बरामद विस्फोटक सामग्री किस उद्देश्य से जमा की गई थी, इसका पता लगाने में एनआईए जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय