home page

मालदा में एसआईआर विरोधी हिंसा मामले में एनआईए के हांथों एक और आरोपित गिरफ्तार

 | 
मालदा में एसआईआर विरोधी हिंसा मामले में एनआईए के हांथों एक और आरोपित गिरफ्तार


कोलकाता, 25 जून (हि. स.)। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े विरोध प्रदर्शनों, हिंसा और न्यायिक अधिकारियों को अवैध रूप से बंधक बनाए जाने के मामले में एक स्थानीय कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया है।

एनआईए ने मोथाबाड़ी निवासी सायेम चौधरी उर्फ बाबू चौधरी को कोलकाता स्थित अपने शाखा कार्यालय में पूछताछ के बाद हिरासत में लिया। इस मामले में अब तक 30 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामला संख्या आरसी-14/2026/एनआईए/डीएलआई के तहत जांच जारी है।

गुरुवार को जारी एनआईए के बयान के अनुसार, सायेम चौधरी एक अप्रैल 2026 को ब्लॉक-2 विकास खंड कार्यालय में न्यायिक अधिकारियों को अवैध रूप से रोके जाने की घटना का प्रमुख आरोपित है। वह उस भीड़ का हिस्सा था, जिसने कानून-व्यवस्था बाधित की और सरकारी कार्य में लगे पुलिसकर्मियों पर हमला किया। हमले में नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपित ने घटना से एक दिन पहले विकास खंड कार्यालय के सामने भाषण देकर लोगों को हिंसक प्रदर्शन के लिए उकसाया था। एनआईए का आरोप है कि उसने अन्य आरोपितों के साथ मिलकर साजिश रची और मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान हिंसा, धमकी और बाधा उत्पन्न करने वाली गैरकानूनी भीड़ में सक्रिय भूमिका निभाई।

एनआईए मालदा जिले में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान हुए भीड़ प्रदर्शनों और न्यायिक अधिकारियों को अवैध रूप से रोके जाने से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामलों की जांच कर रही है। एनआईए ने कहा कि बड़े स्तर पर हुई चुनाव पूर्व हिंसा के पीछे की साजिश में शामिल सभी आरोपितों की पहचान और तलाश के लिए जांच जारी है।

मालदा में अप्रैल में हुई हिंसा का उच्चतम न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया था। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर एनआईए ने इन मामलों की जांच शुरू की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर