नेशनल हाईवे पर चलते ट्रक के टायर में लगी आग
पश्चिम बर्दवान, 13 जुलाई (हि.स.)।
अंडाल से आसनसोल की ओर जा रहे सीमेंट से लदे एक ट्रक के टायर में अचानक आग लग जाने से सोमवार को सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक के टायर से उठती लपटों को देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही अंडाल ट्रैफिक प्रभारी प्रवीर पाल और अंडाल थाना के एसआई शिवशंकर चटर्जी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
इस दौरान सिविक वॉलंटियर बिरजू गुप्ता, विश्वनाथ चक्रवर्ती और हेमंत मित्रा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सभी के संयुक्त प्रयास से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग ट्रक के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण सड़क पर यातायात भी अधिक देर तक बाधित नहीं हुआ और जल्द ही स्थिति सामान्य हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि टायर में अत्यधिक गर्मी या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

