डेढ़ महीने से बंद एनएच-10 फिर खुला, सिलीगुड़ी-सिक्किम सड़क संपर्क बहाल
सिलीगुड़ी, 27 अगस्त (हि.स.)। करीब डेढ़ महीने तक बंद रहने के बाद गुरुवार से राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के जरिए सिक्किम और सिलीगुड़ी क्षेत्र के बीच सड़क संपर्क फिर से बहाल हो गया है। 13 जुलाई को भारी भूस्खलन के कारण सिक्किम के 20 माइल स्थित बारडांग इलाके में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण के बाद गुरुवार सुबह से इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।
हालांकि, फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है और इस मार्ग पर एकतरफा यातायात की अनुमति दी गई है।
एनएच-10 के दोबारा खुलने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। सिक्किम और उत्तर बंगाल के समतल क्षेत्र के बीच सड़क संपर्क बहाल होने से आवागमन भी सुगम होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

