न्यूटाउन में बस्ते में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
कोलकाता, 22 अगस्त(हि.स.)। न्यूटाउन के स्वामीजी नगर इलाके में शनिवार सुबह बस्ते में बंद एक युवक का अर्धसड़ा शव मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क किनारे संदिग्ध हालत में बस्ता पड़ा देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस्ता खोलने पर उसके अंदर युवक का शव मिला।
पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सौरभ विश्वास के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 32 से 35 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या दो-तीन दिन पहले की गई होगी।
पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। उसके पूरे शरीर पर गोदने के निशान भी पाए गए हैं। इससे शव की पहचान करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
घटना की जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की कुछ महत्वपूर्ण तस्वीरें और दृश्य भी मिले हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शव को वहां किसने और कब लाकर फेंका।
इको पार्क थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे का कारण और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद युवक की मौत के कारण के बारे में और स्पष्ट जानकारी मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

