home page

न्यूटाउन में पराठा दुकान पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैली

 | 
न्यूटाउन में पराठा दुकान पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैली


कोलकाता, 29 जुलाई (हि.स.)। महानगर के न्यूटाउन स्थित राममंदिर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक पराठा दुकान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर इको पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान तथा मृत्यु के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, राममंदिर के समीप स्थित एक पुरानी पराठा दुकान के मालिक ने अन्य दिनों की तरह बुधवार सुबह दुकान खोली। इस दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को जमीन पर पड़ा देखा। पहले उन्होंने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आसपास के दुकानदारों को बुलाया गया। सभी ने मिलकर जांच की तो पता चला कि व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है।

घटना की सूचना मिलने पर इको पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई। मृतक की पहचान भी अभी तक नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह दुकान तक कैसे पहुंचा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक के माथे पर चोट का निशान था। प्रारंभिक तौर पर गिरने से चोट लगने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही मृतक की पहचान के लिए अन्य थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता