न्यूटाउन में तेज रफ्तार कार ने कई जगह मारी टक्कर, तीन युवक हिरासत में
कोलकाता, 21 अगस्त (हि. स.)। न्यूटाउन में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार के कई जगहों पर टक्कर मारने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि कार सवार तीन युवक नशे की हालत में बेकाबू तरीके से वाहन चला रहे थे। हादसे के दौरान कार का एक पहिया निकल गया, लेकिन इसके बावजूद कार लोहे के रिंग के सहारे आगे बढ़ती रही। आखिरकार विश्व बांग्ला गेट के सामने एक सुरक्षा दीवार (गार्ड वाल) से टकराने के बाद कार रुक गई। न्यूटाउन थाने की पुलिस ने कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में न्यूटाउन के बलाका मोड़ से गुजर रही थी। इस दौरान कार ने रास्ते में कई जगहों पर टक्कर मारी। लगातार टक्कर के कारण कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बावजूद चालक कार को टेढ़े-मेढ़े तरीके से आगे बढ़ाता रहा। आरोप है कि कार के भीतर तीनों युवक नशे की हालत में काफी हंगामा कर रहे थे। न्यूटाउन गेट की ओर जाते समय अचानक कार का एक पहिया निकल गया। पहिया निकलने के बाद उसका लोहे का रिंग बाहर आ गया। इसके बाद भी कार उसी हालत में तेज गति से आगे बढ़ती रही। पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी आगे जाने के बाद विश्व बांग्ला गेट के सामने कार एक सुरक्षा दीवार से जा टकराई और वहीं रुक गई।
दुर्घटना की सूचना पाकर न्यूटाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लिया और उसमें सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में कार में सवार तीनों युवकों ने कई जगहों पर टक्कर मारने की बात स्वीकार की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय कार की गति कितनी थी। चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

