home page

न्यूटाउन के निजी अस्पताल में जमकर हंगामा, डॉक्टरों और नर्सों से मारपीट का आरोप

 | 

कोलकाता, 04 नवंबर (हि. स.)। न्यूटाउन के जात्रागाछी इलाके में एक निजी अस्पताल में तोड़फोड़ और हमले का सनसनीखेज मामला बुधवार को सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय प्रमोटर और उसके समर्थकों ने अस्पताल में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। अस्पताल में भर्ती मरीजों को बाहर निकालने के बाद मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। इतना ही नहीं, डॉक्टरों और नर्सों के साथ भी मारपीट करने का आरोप है। हालांकि, प्रमोटर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है।

प्रमोटर का दावा है कि जिस जमीन पर अस्पताल संचालित हो रहा है, वह उनकी है और किराये के रूप में कई करोड़ रुपये बकाया हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल का लाइसेंस समाप्त हो चुका है और इसके बावजूद अवैध रूप से मरीजों को भर्ती किया जा रहा था।

दूसरी ओर, अस्पताल प्रबंधन का आरोप है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। इस जमीन को लेकर फिलहाल अदालत में मामला विचाराधीन है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मंगलवार देर रात हथियारों से लैस बदमाश अस्पताल में घुस आए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उस समय अस्पताल में नौ मरीज भर्ती थे, जिनमें दो आईसीयू में थे। आरोप है कि सभी मरीजों को जबरन बाहर निकाल दिया गया। साथ ही डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट कर उन्हें भी अस्पताल से बाहर कर दिया गया।

अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना के पीछे स्थानीय प्रमोटर संजीव विश्वास का हाथ होने का आरोप लगाया है। साथ ही उनके सत्तारूढ़ दल से संबंध होने का भी दावा किया है। हालांकि, प्रबंधन के लोगों ने इस पूरे मामले पर कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से न्यूटाउन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

घटना से दो दिन पहले संजीव विश्वास ने दावा किया था कि अस्पताल जिस जमीन पर बना है, वह उनकी है। उनके अनुसार, किराये के रूप में कई करोड़ रुपये बकाया हैं। उन्होंने अस्पताल के अवैध रूप से संचालित होने का आरोप भी लगाया था।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार