24 पुर–बलिपुर से तारकेश्वर के बीच नई बस सेवा शुरू, विधायक बिमान घोष ने किया शुभारंभ
हुगली, 07 जुलाई (हि. स.)। जिले के पुरशुड़ा क्षेत्र में मंगलवार को लंबे समय से प्रतीक्षित 24 पुर–बलीपुर से तारकेश्वर के बीच नई बस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कुल पांच नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस मौके पर पुरशुड़ा के विधायक बिमान घोष ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुरूप आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस नई बस सेवा की शुरुआत की गई है।
विधायक ने दावा किया कि नई बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों की आवाजाही अधिक आसान, किफायती और सुविधाजनक होगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से नौकरी-पेशा लोगों, छात्र-छात्राओं और प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे काफी लाभ मिलेगा।
बिमान घोष ने कहा कि हमने जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। केवल वादे करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना ही हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए कई जनहितकारी परियोजनाओं को लागू किया जाएगा।
नई बस सेवा शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने भी खुशी जताई। उनका कहना है कि इससे इलाके की परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी तथा दैनिक आवागमन में समय और परेशानी दोनों कम होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

