home page

दार्जिलिंग के सिटोंग में बार्बेक्यू की आग से नवविवाहिता झुलसी, जांच में जुटी पुलिस

 | 
दार्जिलिंग के सिटोंग में बार्बेक्यू की आग से नवविवाहिता झुलसी, जांच में जुटी पुलिस


दार्जिलिंग, 18 सितंबर (हि. स.)। दार्जिलिंग के सिटोंग में हनीमून मनाने गई नवविवाहिता निकिता साहा बार्बेक्यू की आग में बुरी तरह झुलस गई है। उन्हें इलाज के लिए सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, निकिता के शरीर का करीब 50 फीसदी हिस्सा जल गया है और अधिकांश चोटें शरीर के ऊपरी हिस्से में है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा निवासी समीर दास की कुछ दिन पहले ही निकिता साहा से शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए सिटोंग गए थे, जहां वे एक होमस्टे में ठहरे थे। वहां बार्बेक्यू का आयोजन किया गया था। इसी दौरान अचानक आग भड़कने से निकिता उसकी चपेट में आ गई। घायल निकिता को पहले स्थानीय प्राथमिक उपचार केंद्र ले जाया गया था। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में नवविवाहित दंपति को होमस्टे की बालकनी में बार्बेक्यू के सामने बैठे देखा जा सकता है। उनके सामने बैठे एक अन्य व्यक्ति को बार्बेक्यू में कुछ डालते हुए देखा गया। इसके तुरंत बाद आग तेजी से भड़क उठी और निकिता के कपड़ों व शरीर में आग लग गई।

घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि बार्बेक्यू में ऐसा क्या डाला गया, जिससे अचानक आग इतनी तेजी से भड़क उठी। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

दार्जिलिंग के पुलिस अधीक्षक वाई. श्रीकांत जगन्नाथराव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने से पहले घटना के कारणों के बारे में कुछ कहना संभव नहीं है।

हिमालयन हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म डेवलपमेंट नेटवर्क के सचिव तन्मय गोस्वामी के अनुसार, बार्बेक्यू में मक्खन डालने के दौरान यह हादसा हुआ है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने पहाड़ी इलाकों में घूमने जाने वाले पर्यटकों से आग और बार्बेक्यू जैसी गतिविधियों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार