home page

महिषादल में सड़क किनारे मिला नवजात का शव

 | 
महिषादल में सड़क किनारे मिला नवजात का शव


पूर्व मेदिनीपुर, 28 फ़रवरी (हि. स.)। जिले के महिषादल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पूर्व श्रीरामपुर इलाके की बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क के पास शिशु को पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर महिषादल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शिशु को बरामद कर स्थानीय अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिषादल-गेंओखाली ग्रामीण ढलाई सड़क पर शिशु का शव पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चे के सिर पर चोट के स्पष्ट निशान थे। घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने पहले इलाके के सिविक वॉलंटियर पुलक बेरा को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस को खबर दी गई।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह किसी के चिल्लाने की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे। पहले उन्हें लगा कि कोई सांप या जंगली जानवर निकला है, लेकिन पास जाकर देखा तो नवजात शिशु का शव पड़ा था।

थाना प्रभारी पीयूष कांति मंडल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय आशा कर्मियों से भी संपर्क किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता