ई-रिक्शा के लिए नई रूट व्यवस्था लागू, शहर को छह जोन में बांटने की तैयारी
सिलीगुड़ी, 03 सितंबर (हि. स.)। शहर में बढ़ती यातायात समस्या और ई-रिक्शा (टोटो) की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने नई रूट व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत शहर को कुल छह अलग-अलग रूट में बांटा जाएगा और प्रत्येक रूट के ई-रिक्शा के लिए अलग स्टिकर व रूट नंबर निर्धारित किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार से रूट नंबर-1 की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके तहत चेकपोस्ट से पानीटंकी मोड़ तक चलने वाले टोटो को निर्धारित स्टिकर लगाए जा रहे हैं। टोटो के आगे रूट नंबर स्पष्ट रूप से लिखा रहेगा, जिससे आसानी से पहचान हो सकेगी कि कौन सा टोटो किस रूट पर चलेगा।
पुलिस के मुताबिक, जल्द ही चरणबद्ध तरीके से बाकी पांच रूट भी लागू किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टोटो की आवाजाही को निर्धारित मार्गों तक सीमित करने के साथ शहर में जाम की समस्या कम करना है।
रूट नंबर-1 की शुरुआत के दौरान सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा, डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था को आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी विस्तार दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

