home page

बारुईपुर में आज खुलेगी नई पुलिस चौकी, पीड़िता के परिवार से मिलेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

 | 
बारुईपुर में आज खुलेगी नई पुलिस चौकी, पीड़िता के परिवार से मिलेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 10 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर के सूर्यपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए शनिवार को नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी नई चौकी उद्घाटन के साथ ही पीड़िता के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को पीड़िता के परिवार से मिलने के दौरान उनकी मांग पर सूर्यपुर में स्थायी पुलिस चौकी खोलने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया था कि इस संबंध में राज्य के पुलिस महानिदेशक और गृह सचिव को निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर किराये के भवन में भी चौकी शुरू करने को कहा गया था। आश्वासन के कुछ ही घंटों बाद प्रशासन ने चौकी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

फिलहाल सूर्यपुर में एक पुलिस शिविर है, जिसका उपयोग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाता है। किसी भी शिकायत के लिए स्थानीय लोगों को लगभग 10 किलोमीटर दूर बारुईपुर थाने जाना पड़ता है। नई पुलिस चौकी शुरू होने के बाद लोग वहीं शिकायत दर्ज करा सकेंगे और प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया भी वहीं से शुरू होगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नई चौकी में वर्तमान पुलिस शिविर की तुलना में अधिक संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इससे क्षेत्र में नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

उधर, नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपितों में से एक प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है जबकि मामले के अन्य आरोपित अभी भी पुलिस हिरासत में हैं। पीड़िता के परिवार ने राज्य पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है। वहीं मुठभेड़ की जांच राज्य पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) को सौंप दी गई है। सीआईडी की टीम शुक्रवार को फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य और नमूने एकत्र करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर