home page

मंत्री शंकर घोष ने मेला ग्राउंड में नए पार्किंग ज़ोन का किया उद्घाटन

 | 
मंत्री शंकर घोष ने मेला ग्राउंड में नए पार्किंग ज़ोन का किया उद्घाटन


सिलीगुड़ी, 10 अगस्त (हि. स.)। शहर की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या को हल करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। सिलीगुड़ी के विधायक तथा राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष की पहल पर कंचनजंघा स्टेडियम के मेला ग्राउंड में सोमवार से नए पार्किंग ज़ोन की शुरुआत की गई है।

सूत्रों के अनुसार, हिलकार्ट रोड और विधान रोड पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी। इसी समस्या को कम करने के उद्देश्य से इस योजना को लागू किया गया है। पहले ही घोषणा की गई थी कि मेला ग्राउंड को पार्किंग के लिए विकसित किया जाएगा, जिसके तहत सिलीगुड़ी नगर निगम ने वहां जरूरी काम भी पूरा कर लिया है। विधान रोड की ओर से दीवार हटाकर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं।

सोमवार मंत्री शंकर घोष ने इस नई पार्किंग व्यवस्था का औपचारिक उद्घाटन किया। अब विधान मार्केट, हिलकार्ट रोड और खुदीरामपल्ली के व्यापारियों के वाहनों को इसी निर्धारित पार्किंग ज़ोन में रखना होगा।

मंत्री शंकर घोष ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापारियों को सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, बाहर से आने वाले वाहनों के लिए भी इस पार्किंग सुविधा का उपयोग अनिवार्य किया जाएगा। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

नई पार्किंग व्यवस्था को दो हिस्सों में बांटा गया है—ज़ोन-1 में स्थानीय व्यापारियों के वाहन खड़े किए जाएंगे, जबकि ज़ोन-2 बाहरी वाहनों के लिए निर्धारित किया गया है। शुरुआती 15 दिनों तक यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी, जिसके बाद निर्धारित शुल्क लागू किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार