न्यू मार्केट के होटलों में सुरक्षा की पोल खुली, 25 को शोकॉज
कोलकाता, 22 अगस्त (हि.स.)। न्यू मार्केट इलाके में हुई अग्निकांड की घटना के बाद वहां चल रहे होटल कारोबार में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां सामने आई हैं। शनिवार को कोलकाता नगर निगम, दमकल विभाग और न्यू मार्केट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके के कई होटलों और रेस्तरां का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन व्यवस्था में कमी और जरूरी दस्तावेज नहीं होने के आरोप में 25 होटल-रेस्तरां को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
दमकल विभाग ने इससे पहले गुरुवार को 13 होटलों को नोटिस दिया था। शुक्रवार को 17 होटलों को 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा गया था। अधिकारियों के अनुसार, इनमें कई प्रतिष्ठानों ने समय पर जवाब नहीं दिया, जबकि कुछ के जवाब में भी कमियां पाई गईं।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान कई होटल संचालक वैध दस्तावेज और अग्निशमन संबंधी प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीन और होटलों को बंद कर दिया गया। इससे धर्मतला क्षेत्र में दमकल विभाग की ओर से बंद किए गए होटलों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि न्यू मार्केट के घने इलाके में कई भवन मूल रूप से आवासीय हैं। आरोप है कि इनमें होटल कारोबार चलाने के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई। कई जगह अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के साथ पानी की न्यूनतम सुविधा भी उपलब्ध नहीं पाई गई।
शनिवार को मार्कुइज स्ट्रीट में होटलों के निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल कारण बताओ नोटिस देने से काम नहीं चलेगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को सीधे बंद किया जाना चाहिए।
मंत्री ने सवाल उठाया कि इतने वर्षों से न्यू मार्केट क्षेत्र में इस तरह का कारोबार प्रशासन की नजरों के सामने कैसे चलता रहा। उन्होंने इस मामले में कोलकाता नगर निगम और संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

