home page

न्यू मार्केट इलाके के 17 और होटलों को अग्निशमन विभाग का नोटिस

 | 
न्यू मार्केट इलाके के 17 और होटलों को अग्निशमन विभाग का नोटिस


कोलकाता, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल ‘शिखा इन’ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अग्निशमन विभाग ने न्यू मार्केट इलाके के 17 और होटलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन होटलों में अग्निशमन व्यवस्था में लापरवाही सामने आने के बाद होटल प्रबंधन से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जवाब संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित होटलों को बंद भी कराया जा सकता है।

गत मंगलवार देर रात मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ‘शिखा इन’ में आग लग गई थी। धुएं में दम घुटने से नौ लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में सात बांग्लादेशी नागरिक थे। घटना के बाद प्रशासन ने मध्य कोलकाता के होटलों और गेस्टहाउस में सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी है।

अग्निशमन विभाग की ओर से जारी ताजा नोटिस में मार्कुइज स्ट्रीट के 10 होटल, मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पांच होटल, एसएन बनर्जी रोड का एक होटल और तपसिया रोड का एक होटल शामिल है। होटल संचालकों को यह बताने के लिए कहा गया है कि सुरक्षा मानकों में कथित खामियों के बावजूद उनके प्रतिष्ठानों को बंद क्यों नहीं किया जाना चाहिए? उन्हें शनिवार तक जवाब देना होगा।

इससे पहले गुरुवार को मिर्जा गालिब स्ट्रीट के नौ गेस्टहाउस और चार रेस्तरां को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इन सभी से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। अग्निकांड के बाद कोलकाता नगर निगम और अग्निशमन विभाग ने न्यू मार्केट तथा आसपास के इलाकों में होटल, गेस्टहाउस और रेस्तरां की जांच बढ़ा दी है।

इधर, ‘शिखा इन’ अग्निकांड को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गया है। भाजपा ने होटल को अनुमति दिए जाने में पिछली सरकार के कार्यकाल में कथित लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सवाल किया कि न्यूनतम सुरक्षा व्यवस्था के बिना इन होटलों को व्यापारिक लाइसेंस कैसे मिला और अग्निशमन विभाग की मंजूरी तथा नगर निगम की अनुमति किस आधार पर दी गई।

पूर्व शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने इन आरोपों पर कहा कि किसी होटल के पास व्यापारिक लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच अकेले उनके लिए संभव नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय एक-दूसरे पर आरोप लगाने से कोई फायदा नहीं होगा।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, मंगलवार रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच ‘शिखा इन’ के स्वागत कक्ष में आग लगी थी। वहां से धुआं तेजी से होटल के कमरों तक फैल गया। होटल में प्रवेश और बाहर निकलने के लिए स्वागत कक्ष के पास केवल एक संकरा दरवाजा था। आग और धुएं के बीच यही व्यवस्था होटल में ठहरे लोगों के लिए बड़ी बाधा बन गई। हादसे में कुल नौ लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

घटना की जांच के लिए कोलकाता पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया है। पुलिस ने अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अबू जाफर ने होटल के मालिक बीरेश्वर मित्र से होटल को किराए पर लिया था। होटल का मालिक अब भी फरार बताया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर