बारिश थमते ही न्यू केंदा ओसीपी में जमीन से उठा धुआं, दहशत
आसनसोल, 26 सितंबर (हि.स.)।
लगातार बारिश के बाद राहत की उम्मीद कर रहे जामुड़िया के न्यू केंदा ओसीपी इलाके के लोगों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई। बारिश थमते ही खदान क्षेत्र में जमीन से धुआं उठता दिखाई दिया। घटना के बाद सालडांगा और बाउरी पाड़ा के करीब 144 परिवारों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के बीच भूमिगत आग और गैस रिसाव को लेकर फिर से डर का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू केंदा ओसीपी क्षेत्र में जमीन से धुआं और गैस निकलने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। बारिश के बाद जमीन के अंदर जमा पानी के भूमिगत आग के संपर्क में आने से भाप और धुएं के रूप में गैस बाहर निकलने की आशंका जताई जा रही है। इससे आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को सांस लेने में भी परेशानी होने की बात कही गई है।
मामले को लेकर ईसीएल प्रबंधन का कहना है कि धुआं भूमिगत आग के कारण निकल रहा है। बारिश के बाद कुछ खुले हिस्सों से धुआं बाहर आ रहा है। प्रबंधन की ओर से इन स्थानों पर डोजिंग कर उन्हें बंद करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
हालांकि, स्थानीय ग्रामीण केवल डोजिंग को स्थायी समाधान नहीं मान रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी कई बार मिट्टी डालकर ऐसे स्थानों को बंद किया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद दोबारा उसी जगह से धुआं निकलने लगता है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भूमिगत आग, जहरीली गैस और जमीन धंसने की संभावनाओं की नियमित एवं वैज्ञानिक निगरानी की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है। न्यू केंदा ओसीपी इलाके में दोबारा धुआं निकलने की घटना ने एक बार फिर खनन क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा और ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

