सोवालुक में श्यामा पूजा में शामिल हुए विधायक विमान घोष, भाजपा के नए पार्टी कार्यालय का किया उद्घाटन
हुगली, 09 नवंबर (हि. स.)। जिले के पुरशुड़ा विधानसभा क्षेत्र के सोवालुक में सोमवार को धार्मिक और राजनीतिक, दोनों ही कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सोवालुक अंकुर क्लब की ओर से आयोजित श्यामा पूजा के अवसर पर पुरशुड़ा के विधायक विमान घोष उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने मां श्यामा के चरणों में पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
विधायक विमान घोष ने मां श्यामा से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी लोगों का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।
वहीं, सोमवार को ही क्षेत्र के नौ नंबर बूथ पर भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित पार्टी कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
विधायक ने उम्मीद जताई कि नए पार्टी कार्यालय के माध्यम से स्थानीय लोगों के साथ जनसंपर्क को और मजबूत बनाने तथा जनसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
श्यामा पूजा और भाजपा कार्यालय के उद्घाटन, दोनों कार्यक्रमों को लेकर सोमवार को सोवालुक क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

