home page

नेताजी पर विवादित टिप्पणी से बचें, उनकी स्मृति को विश्व स्तर पर पहुंचाने की जरूरत : विधानसभा अध्यक्ष

 | 
नेताजी पर विवादित टिप्पणी से बचें, उनकी स्मृति को विश्व स्तर पर पहुंचाने की जरूरत : विधानसभा अध्यक्ष


सिलीगुड़ी, 13 अगस्त (हि. स.)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस केवल एक नाम नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के एक अविस्मरणीय अध्याय का प्रतीक हैं। नेताजी को लेकर किसी भी तरह की विवादित या आपत्तिजनक टिप्पणी से समाज में नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए उनके बारे में टिप्पणी करते समय सभी को जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। यह संदेश पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस ने दिया।

दरअसल, गुरुवार को विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस खर्सियांग स्थित नेताजी म्यूजियम के परिदर्शन पर पहुंचे। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े स्मृति म्यूजियम को देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक म्यूजियम को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे विश्व स्तर पर पहचान दिलाने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि पर्यटकों के बीच म्यूजियम की पहचान बढ़ाने और देश-विदेश से आने वाले लोगों को नेताजी के जीवन तथा उनके स्वतंत्रता संघर्ष से परिचित कराने के उद्देश्य से वह मुख्यमंत्री के समक्ष इस संबंध में प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने कहा कि समतल इलाकों से पहाड़ आने वाले पर्यटकों के लिए यह म्यूजियम महत्वपूर्ण आकर्षण है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि, अभी भी कई पर्यटक म्यूजियम के स्थान और ऐतिहासिक महत्व से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। ऐसे में प्रचार-प्रसार और बुनियादी सुविधाओं के विकास की जरूरत है।

उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेताजी लोगों के मन, आंखों और दिल में बसे हुए हैं। देश की आजादी में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि नेताजी के बारे में ऐसी कोई बात नहीं कही जानी चाहिए, जिससे आम लोगों की भावनाएं आहत हों। यदि किसी ने कोई गलत काम किया है तो सरकार निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार