home page

अब कोलकाता में नेताजी के प्रतिमा तोड़ी, जांच में जुटी पुलिस

 | 
अब कोलकाता में नेताजी के प्रतिमा तोड़ी, जांच में जुटी पुलिस


कोलकाता, 13 अगस्त (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से गुरुवार को स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। टॉलीगंज जाने वाले मार्ग पर तीन सिर वाले मोड़ के पास स्थापित नेताजी की प्रतिमा का दाहिना हाथ टूटा हुआ मिला। सुबह स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी।

घटना की सूचना पाकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले की तत्काल जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से नेताजी सुभाषचंद्र बोस को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले सामने आए हैं। ग्रेटर कूचबिहार आंदोलन के नेता अनंत महाराज और उनके समर्थकों पर नेताजी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं। इसी बीच गुरुवार को राज्य सरकार ने अनंत महाराज से ‘बंग विभूषण’ सम्मान वापस ले लिया।

भाजपा के दक्षिण कोलकाता के सचिव तारक बनर्जी ने घटना को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस को लेकर किसी भी तरह की अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करने की बात कही थी। प्रशासन को ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने का संदेश दिया गया था।

तारक बनर्जी ने कहा कि इस संदेश के बाद नेताजी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की तत्काल जांच कराने और प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता