home page

नेताजी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद, मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

 | 
नेताजी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद, मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश


कोलकाता, 12 अगस्त (हि. स.)। नेताजी सुभाषचंद्र बोस को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद नगेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। अनंत महाराज ने भारत की स्वतंत्रता में नेताजी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘देशद्रोही’ तक कहा था। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों समेत विपक्षी दल भाजपा पर हमलावर हैं।

इस बीच बुधवार को शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस महान देशभक्त थे। सामाजिक माध्यमों पर नेताजी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी और दुष्प्रचार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने साइबर प्रकोष्ठ को ऐसे मामलों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बुधवार को पत्रकार वार्ता में कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के विधायक भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नेताजी को लेकर आपत्तिजनक प्रचार करने वालों के पीछे कौन लोग हैं, पुलिस इसका पता लगाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में राजनीतिक रंग नहीं देखा जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

अनंत महाराज के खिलाफ भी कार्रवाई होगी या नहीं, इस सवाल पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। हाल में अनंत महाराज ने दावा किया था कि भारत को स्वतंत्र कराने में नेताजी का कोई योगदान नहीं था और उन्होंने आजाद हिंद फौज का दुरुपयोग किया था। इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

राज्य में हाल में दो संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस और विशेष कार्य बल लगातार काम कर रहे हैं। केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियां मिलकर कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसी घटनाएं होती थीं, लेकिन अब जांच एजेंसियां आरोपितों को पकड़ रही हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। चाहे कोई मंत्री हो, संतरी हो या पुलिसकर्मी, गलत काम करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता