home page

नेताजी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में युवक गिरफ्तार

 | 

कोलकाता, 13 अगस्त (हि.स.)। नेताजी सुभाषचंद्र बोस को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया था कि नेताजी का अपमान करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने राजनीतिक रंग देखे बिना सभी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके अगले ही दिन इस्लामपुर में युवक की गिरफ्तारी हुई है।

गिरफ्तार युवक की पहचान किरण कुमार दास के रूप में हुई है। वह उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के झाड़बाड़ी का रहने वाला है। आरोप है कि उसने हाल में समाजमाध्यम पर नेताजी के संबंध में ऐसी टिप्पणी की थी, जिसे आपत्तिजनक और असम्मानजनक माना गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया गया है कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य के विभिन्न जिलों में समाजमाध्यम पर नेताजी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों और पोस्ट की पहचान शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने साइबर प्रकोष्ठ को भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि पोस्ट हटाने के बाद भी संबंधित व्यक्ति को कार्रवाई से छूट नहीं मिलेगी।

बुधवार को नवान्न में मुख्यमंत्री ने कहा था कि नेताजी के अपमान के मामले में सरकार ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति अपनाएगी। उन्होंने कहा था कि कानून सभी के लिए समान है और नेताजी के खिलाफ इस तरह के प्रचार के पीछे कौन लोग हैं, इसका पता पुलिस लगाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल की धरती पर इस तरह की गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी और राजनीतिक रंग देखे बिना कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, राज्यसभा के भाजपा सांसद नगेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज की टिप्पणी के बाद नेताजी को लेकर नया विवाद शुरू हुआ है। हाल में उन्होंने दावा किया था कि भारत की स्वतंत्रता में नेताजी का कोई योगदान नहीं था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज का दुरुपयोग किया था। उनके बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई थी।

अब अनंत महाराज के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कहा था कि कानून सभी के लिए समान है और नेताजी को लेकर इस तरह का प्रचार करने वालों के खिलाफ राजनीतिक भेदभाव के बिना कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उत्तर दिनाजपुर में इस मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता