home page

नीट मुद्दे पर हिंसक आंदोलनों के विरोध में शिक्षा संस्कृति संगठन मंच का राज्यव्यापी जनजागरण अभियान

 | 

कोलकाता, 24 जुलाई (हि.स.)। नीट-यूजी परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच शिक्षा संस्कृति संगठन मंच ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में जनजागरण अभियान शुरू किया है। उत्तर बंगाल के रायगंज विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है। इसके अलावा झाड़ग्राम, बांकुड़ा, उत्तर 24 परगना, जलपाईगुड़ी और पश्चिम बर्धमान सहित कई जिलों में रैलियों और पथसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। आने वाले दिनों में कोलकाता में भी एक बड़ी रैली निकाले जाने की तैयारी है।

शिक्षा संस्कृति संगठन मंच का कहना है कि प्रश्नपत्र लीक की घटना के बाद शीघ्र पुनर्परीक्षा कराई गई और परिणाम भी पारदर्शी तरीके से घोषित किए गए। ऐसे में अब हिंसक आंदोलनों का कोई औचित्य नहीं है। मंच का उद्देश्य आम जनता तक यह संदेश पहुंचाना है कि किसी भी मुद्दे पर विरोध लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।

मंच ने यह भी दावा किया है कि मौजूदा आंदोलन में कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व सक्रिय हैं, जो छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए राज्यभर में यह अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय