नियामतपुर में साइबर मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात गिरफ्तार
पश्चिम बर्दवान, 29 सितंबर (हि. स.)। कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर के हरिजन पाड़ा इलाके में साइबर अपराध से जुड़े मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से छह मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपित नियामतपुर के मुचीपाड़ा इलाके के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुजीत रुईदास, आकाश रुईदास, जितेन रुईदास, राजकुमार रुईदास, उज्ज्वल दास, सुनील रुईदास और राज रुईदास के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान पुलिस साइबर लेनदेन, बैंक खातों के इस्तेमाल, मोबाइल फोन में मौजूद संपर्क और डिजिटल गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरिजन पाड़ा इलाके में साइबर अपराध से संबंधित शिकायत मिलने के बाद इस मामले में पहले भी कार्रवाई की गई थी। उस दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था तथा मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किए गए थे। जांच में वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। इस मामले में पहले चरण में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान करीब तीन लाख रुपये सहित कई सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और जब्त सामान की जांच के दौरान पुलिस को कुछ अन्य लोगों के नाम और साइबर लेनदेन से जुड़े सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर मंगलवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार सातों आरोपियों की साइबर अपराध से जुड़े मामले में क्या भूमिका रही है और उनके संपर्क किन लोगों से थे। जब्त किए गए छह मोबाइल फोन को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस मोबाइल फोन में मौजूद कॉल रिकॉर्ड, संदेश, संपर्क और अन्य डिजिटल जानकारियों की जांच कर रही है। इसके साथ ही जब्त दोनों मोटरसाइकिलों के दस्तावेज और उनके इस्तेमाल से संबंधित जानकारी भी खंगाली जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

