एक महीने में उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय को मिलेगा स्थायी कुलपति, उच्च शिक्षा मंत्री ने दिया आश्वासन
जलपाईगुड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से जारी अनिश्चितता जल्द खत्म हो सकती है। राज्य के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चटर्जी ने अगले एक महीने के भीतर विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति का आश्वासन दिया है। शुक्रवार को जलपाईगुड़ी सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचे मंत्री ने यह घोषणा की।
गौरतलब है कि उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय पिछले करीब तीन वर्षों से स्थायी कुलपति के बिना चल रहा है। सितंबर 2022 में नियुक्ति घोटाले के मामले में तत्कालीन कुलपति सुबिरेश भट्टाचार्य को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। उनके हटने के बाद जादवपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ओमप्रकाश मिश्रा को अंतरिम कुलपति की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद कुछ समय तक अस्थायी कुलपतियों ने जिम्मेदारी संभाली, लेकिन अक्टूबर 2023 से विश्वविद्यालय में कुलपति का पद खाली है।
स्थायी कुलपति के अभाव का असर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज पर भी पड़ रहा है। रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी और परीक्षा नियंत्रक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी स्थायी अधिकारियों की कमी है। इसके कारण परीक्षा कार्यक्रम, शोध कार्य और प्रशासनिक फैसलों में परेशानियां सामने आ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि कुलपति नियुक्ति के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सर्च कमेटी की प्रक्रिया भी चल रही है। ऐसे में मंत्री के एक महीने के आश्वासन से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा जगत में नई उम्मीद जगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

