home page

एनबीएसटीसी की महालया स्पेशल टूर योजना रद्द

 | 

कूचबिहार, 10 अक्टूबर (हि.स)। दुर्गापूजा के दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की ओर से शुरू की गई महालया स्पेशल टूर योजना को सफलता नहीं मिली। महालया के दिन के लिए एक भी टिकट की बिक्री नहीं होने के कारण निगम को यह विशेष सेवा रद्द करनी पड़ी।

निगम की योजना के अनुसार, 10 से 26 अक्टूबर तक कूचबिहार से राजाभातखावा, जयंती और चिलापाता के लिए 41 सीटों वाली विशेष बसें चलाने की तैयारी थी। इस यात्रा में पर्यटकों के लिए संगीत और विशेष खानपान की व्यवस्था भी की गई थी। टिकट की कीमत 500 से 550 रुपये के बीच रखी गई थी।

शुक्रवार को महालया की विशेष यात्रा के लिए टिकट बुकिंग की अंतिम तिथि थी। इसके बावजूद एक भी टिकट नहीं बिका। वहीं, बाकी दिनों के लिए भी औसतन केवल चार-पांच टिकट ही बुक होने की जानकारी मिली है।

एनबीएसटीसी के कूचबिहार डीपो के प्रभारी प्रीतम दे ने बताया कि टिकटों की बिक्री नहीं होने के कारण महालया का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। निगम के प्रबंध निदेशक अश्विनीकुमार राय ने भी स्वीकार किया कि तमाम प्रयासों के बावजूद टिकटों की बुकिंग नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार