home page

सिलीगुड़ी से मायापुर के लिए एनबीएसटीसी की सीधी बस सेवा शुरू, सोमवार से नियमित परिचालन

 | 
सिलीगुड़ी से मायापुर के लिए एनबीएसटीसी की सीधी बस सेवा शुरू, सोमवार से नियमित परिचालन


सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (हि.स.)। श्रद्धालुओं और आम यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सिलीगुड़ी से मायापुर के लिए उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की सीधी सरकारी बस सेवा शुरू की गई है। रविवार को सिलीगुड़ी इस्कॉन मंदिर परिसर से इस नई बस सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया गया। सोमवार से बसों का नियमित परिचालन शुरू हो जाएगा।

परिवहन विभाग के सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतिदिन सुबह छह बजे सिलीगुड़ी से बस मायापुर के लिए रवाना होगी। वहीं, मायापुर से भी प्रतिदिन सुबह छह बजे सिलीगुड़ी के लिए वापसी बस उपलब्ध रहेगी। इस रूट पर बस का किराया 350 से 400 रुपये के बीच रखा गया है। इसके अलावा, बालुरघाट से भी मायापुर के लिए सरकारी बस सेवा शुरू की जा रही है।

इस नई सेवा को लेकर राज्य के परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि इससे आम यात्रियों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि इस रूट पर बस चलाने का प्रस्ताव मिलने के बाद सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया। भविष्य में अन्य दर्शनीय स्थलों से भी इस तरह के प्रस्ताव मिलने पर वहां भी सरकारी बस सेवा शुरू की जाएगी।

वहीं, इस पहल का इस्कॉन प्रबंधन ने स्वागत किया है। सिलीगुड़ी इस्कॉन के जनसंपर्क अधिकारी नमकृष्ण दास ने कहा कि सीधी बस सेवा शुरू होने से दोनों तीर्थस्थलों के बीच संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। सिलीगुड़ी इस्कॉन मंदिर आने वाले कई देशी-विदेशी श्रद्धालु मायापुर जाना चाहते हैं। अब सीधी बस सेवा शुरू होने से उन्हें यात्रा करने में काफी सहूलियत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार