तीन ग्रामीण रूटों पर फिर शुरू हुई एनबीएसटीसी बस सेवा, विधायक ने किया उद्घाटन
कूचबिहार, 01 अक्टूबर (हि. स.)। विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादे को पूरा करते हुए दिनहाटा के भाजपा विधायक अजय राय ने क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण ग्रामीण रूटों पर फिर से उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) बस सेवा शुरू किया। गुरुवार को दिनहाटा डिपो से इन बस सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस दिन दिनहाटा-शालमारा, दिनहाटा-कुर्शाहाट और दिनहाटा-चौधरीहाट रूट पर बस सेवा शुरू की गई। नई सेवा के तहत दिनहाटा-शालमारा रूट की बस में विधायक अजय राय ने खुद पहला टिकट खरीदा। इसके बाद उन्होंने बस से कुछ दूरी तक यात्रा कर सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले विधायक अजय राय ने इन तीनों रूटों पर दोबारा एनबीएसटीसी बस सेवा शुरू कराने का वादा किया था। अब सेवा बहाल होने से स्थानीय लोगों में खुशी है।
नियमित यात्रियों का कहना है कि बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए आवागमन आसान और सुविधाजनक होगा।
कार्यक्रम में विधायक अजय राय के अलावा भाजपा के दिनहाटा-2 मंडल अध्यक्ष प्रदीप बर्मन, जिला भाजपा नेता नवनीता कर्मकार समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

