पूजा से पहले बड़ी सौगात, दिनहाटा के तीन सीमावर्ती गांवों में एक अक्टूबर से फिर शुरू होगी सरकारी बस सेवा
कूचबिहार, 23 सितंबर (हि. स.)। लंबे इंतजार के बाद कूचबिहार जिले के दिनहाटा के तीन सीमावर्ती इलाकों में एक बार फिर सरकारी बस सेवा शुरू होने जा रही है। एक अक्टूबर से चौधुरीहाट, शालमारा और कुर्शाहाट रूट पर उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की बसें चलेंगी।
दिनहाटा के विधायक अजय राय ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी है। विधायक अजय राय ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों के लोग लंबे समय से नियमित और भरोसेमंद सरकारी बस सेवा की मांग कर रहे थे। पहले इन रूटों पर सरकारी बसें चलती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से सेवा पूरी तरह बंद थी। इससे स्थानीय लोगों, छात्रों और कामकाजी लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी।
विधायक के अनुसार, स्थानीय लोगों ने चुनाव प्रचार के दौरान और चुनाव परिणाम के बाद भी इस समस्या को उनके सामने उठाया था। इसके बाद मामले पर स्टैंडिंग कमेटी में चर्चा की गई और बस सेवा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया।
प्रारंभिक समय-सारणी के अनुसार, इन रूटों पर रोज सुबह करीब आठ से साढ़े आठ बजे और शाम करीब साढ़े पांच बजे बसें चलेंगी। सेवा शुरू होने से सीमावर्ती तीनों इलाकों के हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि एनबीएसटीसी बसों में महिला यात्रियों के लिए उपलब्ध मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ इन गांवों की महिलाओं को भी मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

