home page

सदस्यों की गैरमौजूदगी में फिर टला दिनहाटा के नाजिरहाट-2 ग्राम पंचायत का बोर्ड गठन

 | 
सदस्यों की गैरमौजूदगी में फिर टला दिनहाटा के नाजिरहाट-2 ग्राम पंचायत का बोर्ड गठन


कूचबिहार, 13 नवंबर (हि. स.)। प्रशासन की तत्परता और कड़ी पुलिस सुरक्षा के बावजूद पर्याप्त सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण दिनहाटा के नाजिरहाट-2 ग्राम पंचायत में एक बार फिर बोर्ड गठन की प्रक्रिया टल गई। शुक्रवार को दिनहाटा-2 ब्लॉक प्रशासन की पहल पर बोर्ड गठन की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन इसे पूरा नहीं किया जा सका।

प्रशासन के अनुसार, 19 सीटों वाली इस ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस के 13, भाजपा के चार और दो निर्दलीय सदस्य हैं। हालांकि, शुक्रवार को पंचायत कार्यालय में केवल भाजपा की दो सदस्य युथिका बर्मन और शर्मिला बर्मन ही पहुंची। बाकी सदस्यों के अनुपस्थित रहने के कारण प्रधान का चुनाव नहीं हो सका। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पंचायत कार्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

एसडीपीओ प्रशांत देवनाथ के नेतृत्व में राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान तैनात थे। निर्धारित समय तक सदस्यों का इंतजार करने के बाद प्रक्रिया स्थगित कर दी गई।

भाजपा सदस्य युथिका बर्मन ने बताया कि पर्याप्त संख्या में सदस्य मौजूद नहीं होने के कारण बोर्ड गठन नहीं हो सका है। इसकी जानकारी पार्टी नेतृत्व को दी जाएगी और आने वाले दिनों में बहुमत सुनिश्चित कर बोर्ड गठन का प्रयास किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले तीन सितंबर को प्रधान चुनाव को लेकर पंचायत परिसर में हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान गोलीबारी और तीर चलने की घटना में एक महिला तीर लगने से घायल हो गई थी। ऐसे में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद राजनीतिक गतिरोध और सदस्यों की गैरमौजूदगी के कारण एक बार फिर बोर्ड गठन अधर में लटक गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार