home page

दमदम के गणेश पूजा समारोह में पहुंचीं नाजिया इलाही खान

 | 
दमदम के गणेश पूजा समारोह में पहुंचीं नाजिया इलाही खान


कोलकाता, 16 सितंबर (हि. स.)। कोलकाता के दमदम स्थित गणेश पूजा उत्सव में मंगलवार देर रात प्रसिद्ध अधिवक्ता नाजिया इलाही खान शामिल हुईं। वह रात करीब 12:45 बजे पूजा समारोह में पहुंचीं। मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट संघ की ओर से आयोजित गणेश पूजा उत्सव में उन्होंने भगवान गणेश का वंदन किया और मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में नाजिया इलाही खान ने कहा कि पूजा केवल अच्छे पकवान और नए कपड़े पहनने तक सीमित नहीं है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज और संस्कृति को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि पूजा का मंच पवित्र होना चाहिए और मंच को पवित्र बनाए रखने की जिम्मेदारी पूजा का आयोजन करने वालों की है।

मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल में ‘जेहाद’, ‘जेहादी मानसिकता’ और ‘जेहादी लोगों’ से दूरी बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जितना ऐसी मानसिकता से दूर रहेगा, उतना ही फलेगा-फूलेगा और आगे बढ़ेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के विकास के लिए ऐसी मानसिकता से दूरी जरूरी है। अपने भाषण में उन्होंने पश्चिम बंगाल के बदलते राजनीतिक-सामाजिक माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य अब ‘भगवा’, ‘रामनाथ’ और ‘महादेव का स्थान’ बन चुका है।

संबोधन के दौरान नाजिया इलाही खान ने मंच से उपस्थित लोगों के साथ ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए। उनके संबोधन के दौरान पूजा समारोह में मौजूद लोगों ने भी नारे लगाए।

दमदम में आयोजित इस गणेश पूजा उत्सव में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम स्थल पर लोगों में उत्साह देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा