home page

नयाग्राम में दो वाहनों से 22 मवेशी बरामद

 | 
नयाग्राम में दो वाहनों से 22 मवेशी बरामद


कोलकाता, 10 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर से सटे झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से करीब 22 मवेशियों को बरामद किया। दोनों वाहन रात के अंधेरे में पुलिस वाहन को तेज गति से ओवरटेक कर आगे निकल गए थे। वाहनों की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने उनका पीछा किया और बाद में दोनों को रोक लिया।

सोमवार तड़के करीब 3:50 बजे नयाग्राम थाने की पुलिस बालिगेड़िया इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो वाहन तेज गति से पुलिस के वाहन को ओवरटेक कर आगे निकल गए। वाहनों की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया।

कुछ दूर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने बालिगेड़िया प्रखंड विकास कार्यालय के पास नौ नंबर राज्य मार्ग पर दोनों वाहनों को रोक लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें करीब 22 मवेशी मिले। पुलिस ने सभी मवेशियों को बरामद कर सुरक्षित हिफाजत में रखा है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि रात के अंधेरे में मवेशियों को किसी अन्य स्थान पर ले जाया जा रहा था। हालांकि, वाहन चालकों के संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों चालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने वाहनों में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही बरामद मवेशियों के स्वामित्व, उन्हें कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मामले का संबंध मवेशी तस्करी से है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता