home page

ढाक की थाप के साथ बर्नपुर में खूंटी पूजा का शुभारंभ

 | 
ढाक की थाप के साथ बर्नपुर में खूंटी पूजा का शुभारंभ


पश्चिम बर्दवान, 30 अगस्त (हि.स.)।

दुर्गोत्सव की तैयारियों के बीच बर्नपुर में रविवार को नवविकास दुर्गापूजा कमेटी की ओर से पारंपरिक खूंटी पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल शामिल हुईं और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दुर्गोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया।

मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच खूंटी पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर क्लब के सदस्य, स्थानीय निवासी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

कार्यक्रम के दौरान अग्निमित्रा पाल ने अपने खास अंदाज में ढाकियों से ढाक लेकर स्वयं बजाना शुरू कर दिया। मंत्री की ढाक की थाप पर पूजा कमेटी की महिला सदस्यों ने उत्साह के साथ नृत्य किया, जिससे पूरा परिसर उत्सव के माहौल में रंग गया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि थीम पूजा के नाम पर देवी दुर्गा के पारंपरिक स्वरूप में किसी भी प्रकार की विकृति या छेड़छाड़ स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा बंगाल की संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से गहराई से जुड़ा सबसे बड़ा उत्सव है।

मंत्री ने पूजा मंडप की पवित्रता बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों के निजी खान-पान पर कोई रोक नहीं है, लेकिन देवी प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा वाले मुख्य पूजा मंडप के भीतर धार्मिक मर्यादा और परंपराओं का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने मंडप के अंदर मांसाहारी भोजन तथा जूते-चप्पल के उपयोग से बचने का संदेश दिया।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि नवविकास दुर्गापूजा कमेटी के साथ इस शुभ अवसर पर शामिल होकर वह गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। उन्होंने क्लब की ओर से उन्हें चीफ पैट्रन बनाए जाने के लिए पूजा कमेटी के सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।

दुर्गापूजा के सरकारी अनुदान के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी लेंगे और पूजा आयोजक सरकार के निर्णय के अनुसार आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।

इसके साथ ही मंत्री ने दुर्गोत्सव के दौरान आसनसोल-बर्नपुर क्षेत्र में सड़क, निकासी व्यवस्था और पेयजल सेवा को सुचारू रखने तथा आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

खूंटी पूजा के साथ ही बर्नपुर में दुर्गोत्सव की तैयारियों ने औपचारिक रूप से रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में विभिन्न पूजा समितियों की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा