एसआईआर के नाम पर वोटरों से दस्तावेज मांगना पुलिस का काम नहीं : नौशाद सिद्दीकी
कोलकाता, 26 नवंबर (हि. स.)। इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने गुरुवार को दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने एसआईआर के बाद मतदाता सूची से नाम हटने या विचाराधीन मामलों वाले लोगों के घर पुलिस और सिविक वॉलंटियर के पहुंचने तथा दस्तावेज मांगने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेजों की जांच करना पुलिस का काम नहीं है। इसके लिए चुनाव आयोग की निर्धारित व्यवस्था और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद हैं।
नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार लोगों के फोन आ रहे हैं। कई लोगों ने शिकायत की है कि पुलिसकर्मी और सिविक वॉलंटियर घर पहुंचकर विभिन्न दस्तावेज मांग रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि किस आधिकारिक आदेश के तहत पुलिस ऐसा कर रही है? यदि किसी मतदाता से दस्तावेज चाहिए तो उसे लिखित नोटिस दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि दस्तावेज मांगने पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों से संबंधित आदेश की प्रति मांगें। उन्होंने दावा किया कि करीब 27 लाख मतदाताओं के मामले न्यायाधिकरण में लंबित हैं। ऐसे में लोगों के बीच भय और असमंजस पैदा करने के बजाय प्रशासन को पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए।
राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने आसनसोल में पुलिस टीम पर गोलीबारी की घटना को गंभीर बताया। हाल ही में साइबर अपराध के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर गोली चलाने और आरोपित के फरार होने का मामला सामने आया था। उन्होंने त्रिवेणी और बांसद्रोणी समेत विभिन्न इलाकों में डकैती और लूट की घटनाओं का भी उल्लेख किया।
उनके अनुसार, डिलीवरी बॉय या अधिकारी बनकर अपराधियों द्वारा वारदातों को अंजाम देना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
एनकाउंटर को अपराध नियंत्रण का स्थायी समाधान मानने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन न्यायिक जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने राज्य में अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए व्यापक अभियान चलाने की मांग भी की।
भ्रष्टाचार के मामलों पर उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से अर्जित धन का इस्तेमाल कई बार रिश्तेदारों और दूसरे लोगों के नाम पर संपत्ति खरीदने में किया जाता है। इसलिए जांच एजेंसियों को संदिग्ध संपत्तियों और उनके वास्तविक आय स्रोतों की भी जांच करनी चाहिए। उन्होंने सुजीत बोस से जुड़े मामले और कोलकाता नगर निगम के कुछ पार्षदों की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए जांच की गति पर सवाल उठाए।
शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए एक स्कूल से शिक्षक को दूसरे स्कूल भेजना स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा में लगभग 50 हजार अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता का अपना आकलन पेश करते हुए लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने 2022-23 के टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता पर जोर दिया। सरकारी नौकरी के आवेदन शुल्क माफ करने के फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब समय पर नियुक्तियां भी होंगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के बंगाल दौरे और सड़क निर्माण की घोषणाओं का स्वागत करते हुए सिद्दीकी ने कहा कि बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था राज्य के विकास के लिए जरूरी है। हालांकि, उन्होंने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया गुणवत्ता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़कों का टूटना और गड्ढों में तब्दील होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
हॉकर्स के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर छोटी दुकानें लगाकर अनेक गरीब परिवार अपनी आजीविका चलाते हैं। बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें हटाना उचित नहीं है। सरकार को पहले उनके रोजगार और पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए।
बाल विवाह के खिलाफ राज्य सरकार के जागरूकता अभियान का समर्थन करते हुए उन्होंने इमाम, पुजारी, ईसाई धर्मगुरुओं और समाज के अन्य प्रतिनिधियों को इसमें शामिल करने की अपील की।
मालदा में हथियार दिखाकर धमकाने और कैनिंग पूर्व में मछली विक्रेता से कथित वसूली की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित कुछ लोगों के नाम ऐसी घटनाओं में सामने आ रहे हैं और प्रदेश नेतृत्व को इस पर नियंत्रण करना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विपक्ष के नेता की भूमिका पर भी सवाल उठाए। साथ ही राजनीतिक विरोध के दौरान व्यक्तिगत तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील भाषा के इस्तेमाल को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

