home page

डॉ. प्रोजेस राय ने संभाला राष्ट्रीय पुस्तकालय के नए महानिदेशक का कार्यभार

 | 
डॉ. प्रोजेस राय ने संभाला राष्ट्रीय पुस्तकालय के नए महानिदेशक का कार्यभार


कोलकाता, 03 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय के नए महानिदेशक के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. प्रोजेस राय ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के लिए पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले राष्ट्रीय पुस्तकालय को साष्टांग प्रणाम किया और उसके बाद ही परिसर में प्रवेश किया।

राष्ट्रीय पुस्तकालय में अपनी सेवाएं देने से पूर्व डॉ. राय दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ वीमेन में बतौर पुस्तकालय अध्यक्ष कार्यरत थे। पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में उनका लंबा और उत्कृष्ट अनुभव रहा है। इस विषय पर उनके कई महत्वपूर्ण शोध पत्र विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों में भी प्रकाशित हो चुके हैं। देश के इस अत्यंत महत्वपूर्ण पद के लिए उनकी अनुशंसा प्रधानमंत्री के कैबिनेट सचिव के नेतृत्व वाली एक उच्चस्तरीय चयन समिति द्वारा की गई है।

महानिदेशक के पद पर डॉ. प्रोजेस राय की यह नियुक्ति आगामी पांच वर्षों के लिए की गई है।

उल्लेखनीय है कि कोलकाता स्थित यह ऐतिहासिक राष्ट्रीय पुस्तकालय भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन संचालित होने वाला देश का सबसे बड़ा पुस्तकालय संस्थान है। अब इस विशाल और प्रतिष्ठित संस्थान के सुचारू संचालन तथा आधुनिक विकास की पूरी जिम्मेदारी डॉ. राय के कंधों पर होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा