home page

नेशनल हाईवे-27 की सर्विस रोड धंसी, बड़े हादसे की आशंका

 | 
नेशनल हाईवे-27 की सर्विस रोड धंसी, बड़े हादसे की आशंका


सिलीगुड़ी, 28 अप्रैल (हि. स.)। नेशनल हाईवे-27 की सर्विस रोड इन दिनों लोगों के लिए खतरे का कारण बनती जा रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क के नीचे की मिट्टी धंस गई है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा ब्लॉक के ग्वालटुली मोड़ के पास कांतिविता इलाके में फोरलेन सड़क की हालत खराब होने पर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। ढलान वाली जमीन होने के कारण बारिश का पानी सड़क के नीचे से बह रहा है, जिससे जमीन कमजोर होकर धंसती जा रही है।

फिलहाल, धंसे हुए हिस्से को रेत की बोरियों और ट्रैफिक कोन लगाकर घेरा गया है, लेकिन इसे अस्थायी उपाय बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी अब तक सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे है।

बांसगांव ग्राम पंचायत की मुखिया अनिमा रॉय ने बताया कि सर्विस रोड के दूसरे हिस्से की हालत भी खराब है और मानसून की शुरुआत में ही यह स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, खासकर बच्चों और पैदल चलने वालों के लिए खतरा ज्यादा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी को जल्द लिखित शिकायत देने का फैसला किया है। उनका कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं हुई, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार