राष्ट्रगान अवमानना मामला- कांग्रेस के खिलाफ भाजयूमो का प्रदर्शन
राष्ट्रगान का अपमान, नहीं सहेगा हिन्दुस्थान के नारों से गूंजा रिषड़ा
हुगली, 16 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रगान के कथित अपमान के विरोध में रविवार शाम को रिषड़ा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से प्रतिवाद रैली निकाली गई। भाजयुमो श्रीरामपुर मंडल चार और पांच के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई इस रैली के दौरान ‘राष्ट्रगान का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्थान’ समेत विभिन्न राष्ट्रवादी नारों से रिषड़ा का एनएस रोड इलाका गूंज उठा। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के ध्वजारोहण कार्यक्रम में राष्ट्रगान के अपमान के आरोप सामने आने के बाद देशभर में आक्रोश देखा गया है। उसी के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। राष्ट्रगान के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल प्रतिक्रियाओं को लेकर भी राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है।
रैली में भाजपा नेता मनोज सिंह और राकेश सिंह, श्रीरामपुर मंडल चार के भाजपा अध्यक्ष संतोष सिंह के साथ भाजयुमो नेता प्रिंस चौबे और सत्येंद्र सिंह, संतोष मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने सड़क पर मार्च करते हुए राष्ट्रगान के सम्मान और राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा बनाए रखने की मांग उठाई।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रगान देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है। इसके अपमान की किसी भी घटना को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि यह रैली किसी राजनीतिक विवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि राष्ट्रगान के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के संदेश के साथ आयोजित की गई है।
रैली के दौरान एनएस रोड और आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी रैली में शामिल हुए और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
रैली में शामिल नेताओं ने कहा कि देश के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और राष्ट्रगान की गरिमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने लगातार नारे लगाते हुए राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

